
नई दिल्ली, विराट कोहली के साथ अफेयर को लेकर सुर्खियों में छाई रहने वालीं बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा का कहना है कि किसी भी आम लड़की की तरह वो भी शादी करना चाहेंगी, मगर अभी इतनी जल्दी नहीं है। अपने करियर के शानदार दौर से गुजर रहीं अनुष्का अभी शादी के बारे में नहीं सोच रही हैं। एक चैनल द्वारा आयोजित इवेंट में उन्होंने खुलकर शादी व परिवार जैसे विषयों पर अपनी बात रखी। अनुष्का ने कहा, 'शादी की चर्चा है, मगर मुझे नहीं पता कि यह कब होगी। मैंने अभी इस बारे में नहीं सोचा है। मैंने अपनी जिंदगी में सभी चीजें सामान्य तरीके से की हैं और शादी निश्चित तौर पर जिंदगी के मेरे एजेंडे में शामिल है। मगर मुझे नहीं पता कि यह कब होगी।' कंगना ने इस हीरोइन को बताया इंडिया की ऑफिशियल स्वीटहार्ट! अनुष्का का मानना है कि अब परिवार शुरू करने के बाद भी एक्ट्रेसेस को दमदार रोल मिल रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मेरे ख्याल से अब चीजें बदल रही हैं। शादी करने या बच्चा पैदा करने के बाद भी एक्ट्रेसेस उसी गति से काम कर रही हैं। इंडस्ट्री में महिलाओं के लिए यह शानदार समय है। मैं भी शादी के बाद एक सामान्य व्यक्ति की तरह सभी चीजें करती रहूंगी। इस तरह से जीना बहुत ही महत्वपूर्ण है।' वहीं बॉलीवुड में बढ़ते अलगाव पर अनुष्का ने कहा कि तलाक की दरें पूरे देश में बढ़ रही हैं। अनुष्का के ख्याल से बात ये है महिलाएं अब खुद अपनी जिंदगी की मालिक हैं, इसलिए संभवत: तलाक के मामले बढ़ने की एक वजह यह भी है। गौरतलब है कि हाल ही में अनुष्का, विराट कोहली के साथ युवराज सिंह की शादी में शामिल हुई थीं। वहां दोनों हाथों में हाथ डाले और एक साथ डांस करते भी नजर आए। दोनों का वीडियो खूब वायरल हो रहा है।
0 comments: